युवक की डेढ़ घंटे तक हलक में अटक गई जान, फिर लोगों ने यूं बचाया
टोंक (रवि सैनी) : राजस्थान के टोंक में बनास नदी की रपट पार करते हुए एक युवक की बड़ी लापरवाही सामने आई। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक उसकी जान हलक में अटक गई। बनास नदी के तेज प्रवाह के बीच युवक रपट को पार करते समय बह गया, वह तो गनीमत रही कि युवक ने एक पाइप लाइन के खंभे को पकड़ लिया। इस दौरान वह करीब डेढ़ घंटे तक खंभे को पकड़कर लटका रहा। इस बीच पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली।

डेढ़ घंटे तक खंभे को पकड़कर कर बचाई जान
हैरान कर देने वाला यह मामला, टोंक जिले के राजमहल गांव का है, जहां इन दिनों बीसलपुर बांध से गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। इसके बावजूद लोग अपनी जान को जोखिम में डालने से नहीं चूक रहे हैं। इधर, राजमहल से गुजर रही बनास नदी के रपट पर एक युवक पैदल ही नदी पार कर रहा था। जबकि रपट पर पानी का तेज प्रवाह चल रहा था। इसके बावजूद उसने नदी पार करने का जोखिम उठाया। इस दौरान नदी पार करते समय वह तेज बहाव के कारण नदी में बह गया। उसने पानी के प्रवाह के बीच एक खंभे को पकड़ लिया, जहां पर डेढ़ घंटे तक लटका रहा।
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से निकाला
इस हादसे की सूचना लोगों ने तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर देवली डीएसपी राम सिंह जाट और दूनी थाना प्रभारी हेमंत कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों की मदद से युवक को बचाने का प्रयास शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी के सहारे युवक को नदी से बाहर निकाला। इसके बाद जाकर प्रशासन और पुलिस ने राहत की सांस ली। बता दें कि बीसलपुर बांध से दो गेटों के जरिए पानी की निकासी की जा रही है। जिसके कारण बनास नदी में पानी का प्रवाह तेज है।

मनीष बागड़ी, राजनीतिक पत्रकार और द पॉलिटिकल टाइम्स के संपादक हैं। पत्रकारिता में 25 वर्ष से अधिक अनुभव के साथ वे पॉलिटिकल आर्टिकल्स, प्रशासनिक खबरों और विशेष स्टोरीज पर फोकस करते हैं। वर्तमान में नवभारत टाइम्स (NBT) में स्टेट पॉलिटिकल आर्टिकल्स लिखते हैं और IAS, IPS जैसे अधिकारियों से जुड़ी विशेष रिपोर्टिंग करते हैं। अपराध, राजनीतिक रैलियां, सभाएं और ऐतिहासिक स्थलों जैसे विषयों पर भी व्यापक कवरेज किया है। इससे पहले राजस्थान पत्रिका, दैनिक सच्चा सागर, A1 टीवी, न्यूज़ इंडिया, Network 10, हर खबर न्यूज़ चैनल और दैनिक रिपोर्ट्स.com जैसे प्लेटफॉर्म्स पर कार्य किया। संपर्क: manishbagdi.reporter@gmail.com | वेबसाइट: www.thepoliticaltimes.live






